सिलीगुड़ी,10 मई (नि.सं.)। सोशल मीडिया डेटिंग ऐप्स पर खुद को को-पायलट बताकर मेडिकल कॉलेज की नर्स के साथ ठगी करने के आरोप में मेडिकल चौकी की पुलिस ने को पायलट नटवरलाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम हेमंत शर्मा है। वह सिक्किम के पाक्योंग का रहने वाला है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार हेमंत शर्मा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर अपनी तस्वीरों को को-पायलट की वर्दी में एडिट कर सोशल मीडिया पर खुद को एयरलाइंस का को-पायलट बताकर अपना परिचय देता था। इस झूठी पहचान के सहारे वह डेटिंग ऐप्स और इंस्टाग्राम पर युवतियों से संपर्क करता और उन्हें फंसाकर आर्थिक ठगी करता था। जांच में पता चला है कि आरोपी पहले बेंगलुरु एयरपोर्ट पर ग्राउंड स्टाफ के रूप में काम करता था। लेकिन बाद में उसने खुद को-पायलट बताना शुरू कर दिया। हाल ही में उसने उत्तरबंग मेडिकल कॉलेज की एक नर्स को अपना शिकार बनाया और उससे चार ग्राम सोना भी ठग लिया। इस ठगी के बाद पीड़िता ने मेडिकल चौकी की थाने में एक शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने 6 मई को सिलीगुड़ी के शिव मंदिर के पास दुर्गा मंदिर इलाके से हेमंत शर्मा को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर तीन दिन की रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ की।
पूछताछ में पता चला कि को-पायलट का परिचय देकर हेमंत ने नर्स से 4 ग्राम सोना ठगी किया है। इसके बाद आरोपी के बयान पर मेडिकल चौकी की पुलिस ने नर्स से ठगा गया सोना बरामद किया। वहीं, पुलिस को यह भी पता चला है कि हेमंत शर्मा ने अबतक 300 से ज्यादा महिला एयरहोस्टेज से ठगी कर चुका है। आरोपी की तीन दिन की पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद आज उसे दोबारा सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
