सिलीगुड़ी,6 मई (नि.सं.)।सिलीगुड़ी को कॉरिडोर बनाकर गांजा तस्करी की योजना को प्रधान नगर थाने की सादे पोशाक की पुलिस ने विफल कर दिया। पुलिस ने बीती रात अभियान चलाकर जंक्शन बस स्टैंड से यात्री के वेश में चार मादक तस्कर को धर दबोचा। तलाशी के दौरान चारों के पास से लाखों का गांजा बरामद हुआ। आरोपियों के नाम दीपचंद बर्मन, अजीजुल रहमान, दुर्योधन नम दास और संजय दास है।
मिली जानकारी के अनुसार बीते कल कूचबिहार के शीतलकुची से चार युवक बस में यात्री के वेश में सिलीगुड़ी जंक्शन बस स्टैंड पर पहुंचे। इसके बाद ये चारों युवक यहां से निकलकर अलग-अलग जगहों पर गांजा पहुंचाने वाले थे। लेकिन गुप्त सूत्रों से प्रधान नगर थाने की सादे पोशाक की पुलिस ने जंक्शन बस स्टैंड पर अभियान चलाया और यात्री के वेश में चार युवकों को संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली।
इस दौरान चारों के पास से गांजे के बड़े-बड़े पैकेटों से कुल 40 किलो गांजा बरामद किया गया।बाद में चारों को गिरफ्तार कर लिया गया। आज आरोपियों को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। पुलिस पूरी घटना की जांच कर रही है।