सिलीगुड़ी, 8 फरवरी (नि.सं.)। मां मानसिक रूप से विक्षिप्त थी। उसे देखने के लिए कोई नहीं था। इसलिए मां को मौत के घाट उतार दिया। आज सिलीगुड़ी कोर्ट में पेश करने के दौरान कातिल बेटा श्रीकृष्ण महंतो ने यह बात कही।
जी हां, जिस मां ने अपने बेटे को नौ महीने कोख में रखा और जन्म के बाद उसे पाल-पोसकर बड़ा किया। उसी बेटे ने सम्पत्ति की लालच में बीते कल गला दबाकर बेरहमी से अपनी मां की हत्या कर दी। यह घटना सिलीगुड़ी नगर निगम अंतर्गत 20 नंबर वार्ड के दुर्गादास कॉलोनी की है।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार श्रीकृष्ण महंतो संपत्ति के लिए अक्सर अपनी मां मंजू महंतो को मारता-पिटता था। उसने कई बार संपत्ति अपने नाम कराने की कोशिश भी की। लेकिन जब उसकी कोशिश कामयाब नहीं हुई, तो उसने अपनी ही मां को मौत के घाट उतार दिया।