सिलीगुड़ी, 27 दिसंबर(नि.सं.)। सिलीगुड़ी के ईस्टर्न बाईपास इलाके में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और जानमाल के नुकसान से चिंता बढ़ती जा रही है। हादसों पर लगाम लगाने के लिए अब ट्रैफिक पुलिस सक्रिय हो गई है। ईस्टर्न बाईपास पर स्पीड ब्रेकर लगाने का निर्णय लिया गया है।
शनिवार को ट्रैफिक एसीपी अनिर्बाण मजूमदार ने ईस्टर्न बाइपास का निरीक्षण किया। उनके साथ पीडब्ल्यूडी के अधिकारी और आशिघर सब-ट्रैफिक गार्ड के पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। निरीक्षण के बाद यह तय किया गया कि ईस्टर्न बाईपास के आशिघर मोड़ और बानश्वर मोड़ इन दो महत्वपूर्ण स्थानों पर जल्द ही स्पीड ब्रेकर लगाए जाएंगे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अत्यधिक रफ्तार और लापरवाह वाहन चलाना ही दुर्घटनाओं का मुख्य कारण है। इसी वजह से यह कदम उठाया जा रहा है। ट्रैफिक विभाग का कहना है कि आम लोगों की सुरक्षा ही उनकी प्राथमिकता है और भविष्य में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए और भी कई कदम उठाए जाएंगे।
