सिलीगुड़ी, 2 अप्रैल (नि.सं.)। सिलीगुड़ी में मिलनपल्ली स्थित WBSEDCL कार्यालय में जासूसी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। स्टेशन मैनेजर के चेंबर से गुप्त रूप से लगाए गए स्पाई ऑडियो रिकॉर्डर मिलने के बाद पूरे विभाग और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 17 मार्च को स्टेशन मैनेजर प्रशांत कुमार महतो के चेंबर में कुर्सी के पीछे एक संदिग्ध डिवाइस देखा गया। जांच करने पर वह स्पाई ऑडियो रिकॉर्डर निकला, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि मैनेजर के कमरे की बातचीत को गुप्त रूप से रिकॉर्ड किया जा रहा था।
इस घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें एक कर्मचारी को कई बार संदिग्ध तरीके से मैनेजर के चेंबर में आते-जाते देखा गया। संदेह है कि उसी ने रात के समय कमरे में घुसकर कुर्सी के पीछे यह डिवाइस लगाया होगा।
चौंकाने वाली बात यह है कि इससे पहले 6 मार्च को भी इसी तरह का रिकॉर्डर बरामद हुआ था। लगातार दूसरी बार इस तरह का उपकरण मिलने से मामला और गंभीर हो गया है।
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर स्टेशन मैनेजर की जासूसी किस मकसद से की जा रही थी- क्या यह कोई अंदरूनी विवाद है, निजी दुश्मनी या फिर किसी बड़े षड्यंत्र का हिस्सा?
स्टेशन मैनेजर ने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत साइबर थाने में दर्ज कराई है। पुलिस और साइबर एक्सपर्ट की टीम हर एंगल से जांच में जुटी है और संदिग्ध कर्मचारी से पूछताछ की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
