नक्सलबाड़ी, 17 मार्च(नि.सं.)। महज कुछ मिनटों तक चले तेज तूफान ने नक्सलबाड़ी के बड़े हिस्से में भारी तबाही मचा दी। तेज आंधी के कारण सैकड़ों पेड़ गिर गए, जिससे कई गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है।
नक्सलबाड़ी के बेंगाइजोत, फुटानी मोड़ और रथखोला सहित कई इलाकों में नुकसान की तस्वीर सामने आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सोमवार रात करीब 5 मिनट तक तेज तूफान चला, लेकिन उसी में भारी नुकसान हो गया।
बेंगाइजोत के फुटानी मोड़ इलाके में पेड़ गिरने से कम से कम 5 घर क्षतिग्रस्त हो गए। कहीं घरों की दीवारें टूट गई, तो कहीं टिन की छत उड़ गई।
इसके अलावा, कई जगह पेड़ गिरने से बिजली के तार भी टूट गए हैं, जिससे रात से ही इलाके में बिजली सेवा बंद है।
प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से जल्द मदद और राहत पहुंचाने की मांग की है। फिलहाल हालात सामान्य करने के लिए स्थानीय प्रशासन की ओर से प्रयास जारी है।
