तूफान का कहर: फुलबाड़ी और राजगंज में कई घर क्षतिग्रस्त, बिजली सेवा ठप

फुलबाड़ी, 17 मार्च (नि.सं.)। तेज तूफान ने फुलबाड़ी और राजगंज के कई इलाकों में भारी तबाही मचाई है। फूलबाड़ी 2 नंबर ग्राम पंचायत और राजगंज के विभिन्न क्षेत्रों में कई घर क्षतिग्रस्त हो गए है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात जोटियाकाली के पास जयदेव वीटा इलाके में करीब 25 घर प्रभावित हुए है। तेज आंधी के कारण कुछ घर पूरी तरह ढह गए, जबकि कई घरों पर पेड़ गिरने से भारी नुकसान हुआ। तूफान के चलते कई इलाकों में बिजली के खंभे टूट गए और तार क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे अब तक कई जगहों पर बिजली सेवा बाधित है।
पीड़ित परिवारों का कहना है कि रात में अचानक आए तूफान ने उन्हें संभलने का कोई मौका नहीं दिया। कई लोगों के घरों की छत उड़ गई, जबकि कुछ लोग बाल-बाल बच गए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि वे दिहाड़ी मजदूर है और इस स्थिति में टूटे घरों की मरम्मत कर पाना उनके लिए बेहद मुश्किल है। उन्होंने प्रशासन से जल्द राहत और आर्थिक सहायता देने की मांग की है। साथ ही प्रभावित इलाकों में जल्द से जल्द बिजली सेवा बहाल करने की भी मांग की गई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *