फांसीदेवा में उम्मीदवार बदलने की मांग पर चाय श्रमिकों का हाईवे जाम, तृणमूल में बढ़ा अंदरूनी विवाद   

फांसीदेवा, 22 मार्च (नि.सं.)। फांसीदेवा विधानसभा में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार को बदलने की मांग को लेकर चाय श्रमिकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर विरोध प्रदर्शन किया। तृणमूल कांग्रेस ने यहां रीना टोप्पो एक्का को उम्मीदवार बनाया है, जो पंचायत समिति की अध्यक्ष है। लेकिन चाय श्रमिकों की मांग है कि महकमा परिषद की सहायक सभाधिपति रोमा रेशमी एक्का को उम्मीदवार बनाया जाए। इसी मांग को लेकर प्रदर्शनकारियों ने सिलीगुड़ी-कोलकाता जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-27 को जाम कर दिया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री ने चाय श्रमिकों के लिए कई काम किए हैं और वे तृणमूल का समर्थन करते है। लेकिन रोमा रेशमी एक्का ने गांव-गांव जाकर काम किया है, जबकि रीना टोप्पो एक्का को इलाके में कोई नहीं पहचानता है। इसलिए वे रोमा को ही उम्मीदवार बनाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द उम्मीदवार नहीं बदला गया तो वे किसी अन्य पार्टी को वोट दे सकते है।
वहीं, फांसीदेवा विधानसभा के तृणमूल कोऑर्डिनेटर काजल घोष ने कहा कि पार्टी ने उम्मीदवार तय कर दिया है और सभी को पार्टी के फैसले का सम्मान करना चाहिए। 
दूसरी ओर, भाजपा उम्मीदवार दुर्गा मुर्मू ने तृणमूल पर गुटबाजी का आरोप लगाते हुए कहा कि इस बार तृणमूल को हार का सामना करना पड़ेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *