बागडोगरा, 4 जनवरी(नि.सं.)। बागडोगरा के गोसाईपुर नोतुन पारा में एक सुस्वास्थ्य केंद्र के पीछे से एक रहस्यमयी युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृत युवक की पहचान अभि गुहा (32) के रूप में हुई है। युवक बागडोगरा के पुटीमारी में रहता था।बताया जा रहा है कि बीती रात कुछ लोगों ने सुस्वास्थ्य केंद्र के पीछे शराब की पार्टी की थी। सुबह लोगों ने युवक को वहीं मृत अवस्था में पाया। सूचना मिलने पर बागडोगरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। लाश को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने मौके से पानी की बोतलें, शराब के गिलास और एक टोपी समेत कई चीजें बरामद की है। हालांकि, यह साफ नहीं है कि युवक की मौत कैसे हुई है। बागडोगरा पुलिस ने पूरी घटना की जांच शुरू कर दी है।इस संबंध में लोअर बागडोगरा ग्राम पंचायत के उपप्रधान विश्वजीत घोष ने कहा कि सुस्वास्थ्य केंद्र के पीछे शराब की पार्टी किए जाने के बारे में पुलिस प्रशासन को सूचित किया जाएगा।
