सिलीगुड़ी, 15 फरवरी(नि.सं)। द हिमालयन आई इंस्टीट्यूट के दस वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सिलीगुड़ी के किरण चंद्र भवन में आयोजित इस शिविर में डॉक्टरों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में सिलीगुड़ी नगर निगम के डिप्टी मेयर रंजन सरकार सहित अस्पताल प्रबंधन और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
वर्ष 2016 में स्थापित यह सुपर-स्पेशियलिटी नेत्र अस्पताल पिछले एक दशक से उत्तर बंगाल और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को उन्नत और किफायती उपचार उपलब्ध करा रहा है। प्रतिदिन लगभग 250 मरीज यहां इलाज के लिए पहुंचते है। इनमें उत्तर बंगाल के विभिन्न जिलों के अलावा सिक्किम,भूटान, बिहार, बांग्लादेश और नेपाल के मरीज भी शामिल है।
अस्पताल में अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर और आधुनिक तकनीक से लैस उपकरण उपलब्ध है। फेको मशीन, रेटिना सर्जरी के लिए कंस्टीलेशन विजन सिस्टम और लासिक स्क्रीनिंग हेतु पेंटाकैम जैसी सुविधाएं इसकी प्रमुख विशेषताएं है।
यह अस्पताल पश्चिम बंगाल सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं से जुड़ा हुआ है और विभिन्न बीमा कंपनियों के साथ मिलकर कैशलेस सुविधा भी प्रदान करता है। इसके आउटडोर क्लिनिक जलपाईगुड़ी और इस्लामपुर में भी संचालित है। इसके अलावा, सिलीगुड़ी नगर निगम, GTA और रामकृष्ण मिशन समेत विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से नियमित रूप से निःशुल्क नेत्र जांच शिविरों का आयोजन किया जाता है।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, वर्ष 2016 से अब तक तीन लाख से अधिक मरीज सफलतापूर्वक उपचार प्राप्त कर चुके हैं। भविष्य में और बड़े स्तर पर बुनियादी ढांचे के विस्तार की योजना भी बनाई जा रही है।
