केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने चार नए लेबर कोड पर डाला प्रकाश, सांसद राजू बिष्ट का तृणमूल नेता अभिषेक बनर्जी पर तीखा कटाक्ष

सिलीगुड़ी, 4 जनवरी (नि.सं.)। सिलीगुड़ी पहुंचे केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने रविवार को चार नए श्रम संहिताओं के लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। सिलीगुड़ी में भारतीय चाय मजदूर यूनियन की पहल पर आयोजित एक अधिवेशन में उन्होंने कहा कि चार नए लेबर कोड के लागू होने से चाय मजदूरों को सामाजिक सुरक्षा, न्यूनतम मजदूरी और रोजगार के क्षेत्र में पारदर्शिता के साथ कई नई सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को मुख्यधारा में लाने का प्रयास किया जा रहा है। जिससे उनका भविष्य सुरक्षित होगा। इस कार्यक्रम में दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट भी मौजूद थे।


इस दौरान उन्होंने तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि चाय मजदूरों की दैनिक मजदूरी बढ़ाने का अधिकार पूरी तरह राज्य सरकार के पास है।

दरअसल, अलीपुरद्वार जिले में चाय मजदूरों के साथ बैठक के दौरान अभिषेक बनर्जी ने दावा किया था कि तृणमूल कांग्रेस सत्ता में आने पर एक महीने के भीतर त्रिपक्षीय बैठक बुलाई जाएगी और चाय मजदूरों की दैनिक मजदूरी 300 रुपये की जाएगी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए राजू बिष्ट ने कहा कि केंद्र सरकार भले ही मजदूरों के कल्याण के लिए कई योजनाएं चला रही हो। लेकिन मजदूरी तय करने की जिम्मेदारी राज्य सरकार की ही होती है। सिलीगुड़ी के सेवक रोड़ स्थित उत्तर बंग मारवाड़ी भवन में आयोजित कार्यक्रम में आज केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया के साथ सांसद राजू बिष्ट, सांसद मनोज तिग्गा सहित भाजपा विधायक व चाय बागान के मजदूर संगठन के सदस्य मौजूद थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *