खोरीबाड़ी,19 दिसंबर (नि.सं)। ‘आमादेर पाड़ा, आमादेर समाधान’ कैंप में क्षेत्रवासियों द्वारा स्ट्रीट लाइट की मांग किए जाने के बाद अब उस पर अमल शुरू हो गया है। आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सड़क पर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम शुरू कर दिया गया है।जानकारी के अनुसार, खोरीबाड़ी के टुकुरियाझाड़ जंगल संलग्न गगारुजोत इलाके में अक्सर हाथियों का उपद्रव देखने को मिलता है। अंधेरे के कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी होती थी और खतरा भी बना रहता था। इसी समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने ‘आमादेर पाड़ा, आमादेर समाधान’ कैंप में आवेदन किया था।
आवेदन के आधार पर शुक्रवार से सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम शुरू हो गया है। इस अवसर पर रानीगंज-पानीशाली ग्राम पंचायत की प्रधान संतना सिंह ने दस सोलर स्ट्रीट लाइटों का उद्घाटन किया। कुल 3 लाख 13 हजार रुपये की लागत से इलाके में दस सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई जा रही है।
लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने पर स्थानीय निवासी काफी खुश है। लोगों का कहना है कि सड़क पर रोशनी होने से हाथियों के उपद्रव पर अंकुश लगेगा और रात के समय आवागमन भी सुरक्षित होगा।
