जलपाईगुड़ी, 18 फरवरी (नि.सं)। शहर में एक मंदिर में ताला तोड़कर चोरी की घटना से हड़कंप मच गया है। यह दुस्साहसिक वारदात जलपाईगुड़ी शहर के पाताकाटा कॉलोनी स्थित सर्वजनिन काली मंदिर में हुई है।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, देर रात बदमाशों ने मंदिर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने मंदिर में स्थापित देवी की प्रतिमा पर चढ़े सोने के आभूषण उतार लिए। साथ ही कैश बॉक्स तोड़कर उसमें रखी नगदी भी लेकर फरार हो गए। सुबह जब श्रद्धालु पूजा करने मंदिर पहुंचे तो गेट का ताला टूटा हुआ देख घटना का पता चला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही जलपाईगुड़ी कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू किया। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की वारदात कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुट गई है।
