एक व्यक्ति के तीन नाम, तीन आधार कार्ड! सीमा पर फिर सक्रिय फर्जी आधार गिरोह?

खोरीबाड़ी, 22 फरवरी (नि.सं)। भारत-नेपाल सीमा पर एक बार फिर फर्जी आधार कार्ड गिरोह के सक्रिय होने की आशंका ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।जानकारी के अनुसार, नेपाल से भारत में प्रवेश करते समय दिल्ली निवासी नीरज कुमार को सशस्त्र सीमा बल  (एसएसबी) ने संदेह के आधार पर रोका। पूछताछ में बयान संदिग्ध लगने पर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी के दौरान तीन अलग-अलग नामों पारस ठाकुर, विक्रमजीत शर्मा और नीरज कुमार से बने तीन आधार कार्ड बरामद हुए। हालांकि आरोपी ने अपनी पहचान नीरज कुमार के रूप में बताई है। इसके अलावा उसके पास से एक ड्राइविंग लाइसेंस और दो अलग-अलग नामों के वोटर आईडी कार्ड भी मिले हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को खोरीबाड़ी पुलिस के हवाले कर दिया गया। उसे आज सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया।
पुलिस इस बात की जांच में जुट गई है कि बरामद दस्तावेजों का इस्तेमाल किसी आपराधिक गतिविधि में तो नहीं किया गया। पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *