सिलीगुड़ी, 13 जनवरी (नि.सं.)। माटीगाड़ा थाना अंतर्गत अनिल नगर इलाके में बीती देर रात सनसनीखेज घटना सामने आई है। शराब के नशे में गाली गलौज का विरोध करने पर मामा-भांजे ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर तीन युवकों को गंभीर रूप से घायल कर दिया है। हालांकि घटना तुरंत बाद पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम मामा धीराज चैधरी (35) और भांजा आशीष ठाकुर (19) है।
घटना में गंभीर रूप से घायल आदित्य राय (22) को उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं शुभजीत सिंह (22) और चयन दास (21) का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। तीनों घायल पतिरामजोत के निवासी है।
घायलों के परिजनों का आरोप है कि बीती रात एक युवक शराब के नशे में उनके साथ अभद्र भाषा में गाली गलौज करने लगा। इसका विरोध करने पर आरोपी मामा-भांजा ने धारदार हथियार से उन पर अचानक हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही माटीगाड़ा थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आज दोनों को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया है।
परिजनों का यह भी कहना है कि हमलावरो का पहले भी पड़ोसियों के साथ कई बार विवाद हो चुका है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।
