बागडोगरा, 21 मार्च (नि.सं.)। धान के भूसे की आड़ में शाल लकड़ी की तस्करी की कोशिश को बागडोगरा वन विभाग ने नाकाम कर दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर गोंसाईपुर चेक पोस्ट पर एक पिकअप वैन को रोककर तलाशी ली गई, जहां से भारी मात्रा में अवैध शाल लकड़ी बरामद की गई।इस मामले में पिकअप वैन के चालक को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम बाबाई देवनाथ है। वन विभाग के अनुसार, लकड़ी को धान के भूसे के नीचे छिपाकर बिहार ले जाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि यह लकड़ी सिलीगुड़ी के शालबाड़ी इलाके से लाई गई थी और बिहार में तस्करी की योजना थी। गिरफ्तार आरोपी को आज सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया। पूरे मामले की जांच बागडोगरा वन विभाग कर रही है।
