जलपाईगुड़ी, 4 अप्रैल (नि.सं.)। जलपाईगुड़ी में चुनावी माहौल के बीच तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार कृष्ण दास ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन करते हुए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
शनिवार को नामांकन जमा करने से पहले शहर में एक विशाल रैली निकाली गई। सबसे पहले पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक नेताजी मॉडर्न क्लब मैदान में इकट्ठा हुए। इसके बाद ढाक-ढोल, नारों और उत्साह के साथ रंगारंग रैली निकाला गया।
यह भव्य रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पीडब्ल्यूडी मोड़ तक पहुंची। इसके बाद कृष्ण दास जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने अपना नामांकन पत्र जमा किया।
इस मौके पर कृष्ण दास ने कहा कि, लोगों का जिस तरह से आशीर्वाद मिल रहा है, मैं खुद को धन्य महसूस कर रहा हूं। इस विश्वास को मुझे जीत में बदलना है। अब जीत सिर्फ समय की बात है।
