राजगंज, 12 मार्च (नि.सं)। रसोई गैस की आपूर्ति में किल्लत और लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में तृणमूल कांग्रेस ने गुरुवार को विरोध प्रदर्शन किया। राजगंज ब्लॉक के बिन्नागुड़ी अंचल तृणमूल कांग्रेस की ओर से आमबाड़ी स्थित एक एलपीजी गैस गोदाम के सामने धरना-प्रदर्शन किया गया।इस प्रदर्शन में बिन्नागुड़ी ग्राम पंचायत के प्रधान समिजुद्दीन अहमद, अंचल अध्यक्ष प्रफुल्ल राय और विजय दास, अंचल के चेयरमैन दीपेन अधिकारी, ब्लॉक कमेटी सदस्य विश्वजीत दास, भवानी शंकर राय समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
तृणमूल नेताओं का आरोप है कि रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों और आपूर्ति में अनियमितताओं के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी के विरोध में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
बताया जा रहा है कि राज्य नेतृत्व के निर्देश पर तृणमूल कांग्रेस ने आज राज्य भर में हर ब्लॉक के अलग-अलग इलाकों में गैस गोदामों के सामने ऐसे धरने आयोजित किए है। इसी के तहत आज राजगंज ब्लॉक के अलग-अलग ग्राम पंचायत इलाकों में भी गैस गोदामों के सामने विरोध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
