राजगंज, 21 फरवरी(नि.सं)। सिलीगुड़ी–जलपाईगुड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को टोटो और एक छोटे मालवाहक वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में टोटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए है। दुर्घटना राजगंज के पानीकौरी मोड़ के पास हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक टोटो राष्ट्रीय राजमार्ग से फाटापुकुर की ओर से हाथीमोड़ की दिशा में जा रहा था। उसी समय सामने से एक छोटा मालवाहक वाहन कथित तौर पर गलत दिशा में आ गया। अचानक दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि टोटो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक घायल हो गया। सूचना मिलते ही राजगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। घायल चालक को तुरंत बरामद कर राजगंज ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
वहीं, हादसे के बाद मालवाहक वाहन का चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुट गई है और मामले की जांच जारी है।
