राजगंज, 13 जनवरी (नि.सं.)। राज्य सरकार के विकास कार्यों का संदेश आम लोगों तक पहुंचाने और जनता के साथ सीधे संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से तृणमूल कांग्रेस की ओर से ‘उन्नयन संवाद यात्रा’ की शुरुआत की गई। मंगलवार को राजगंज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मनतादाड़ी ग्राम पंचायत इलाके में इस यात्रा का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम की शुभ शुरुआत मनतादाड़ी स्थित एक मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ की गई। यात्रा को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए तीन अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। मंगलवार की टीम में आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ स्थानीय नेतृत्व भी शामिल रहा। यह ‘उन्नयन संवाद यात्रा’ 13 जनवरी से 27 जनवरी तक राजगंज विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों में चलेगी।
इस पहल का नेतृत्व राजगंज के विधायक खगेश्वर राय कर रहे हैं। कार्यक्रम में राजगंज ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष अरिंदम बनर्जी, महिला तृणमूल कांग्रेस की नेता सर्वाणी धारा, युवा तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष नीलाद्री घोष सहित अर्चना राय, राजू साहनी, देवाशीष विश्वास, मोशर्रफ हुसैन और अन्य कई तृणमूल नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यात्रा के दौरान लक्ष्मी भंडार, कन्याश्री, स्वास्थ्य साथी, सबुज साथी सहित राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों को दी गई। साथ ही लोगों की समस्याओं और शिकायतों को सुना गया तथा उनके समाधान का आश्वासन भी दिया गया।
