जलपाईगुड़ी में सड़क हादसे में तृणमूल नेता की मौत, बेटी गंभीर रूप से घायल

जलपाईगुड़ी,11 फरवरी (नि.सं.)। दर्दनाक सड़क हादसे में तृणमूल कांग्रेस के नेता लुत्फर रहमान की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। लुत्फर रहमान तृणमूल कांग्रेस के जलपाईगुड़ी अल्पसंख्यक सेल के ब्लॉक अध्यक्ष थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लुत्फर रहमान मंगलवार रात अपनी बेटी को बाइक पर लेकर घर लौट रहे थे। तभी गोशाला मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक को कुछ दूर तक घसीटते हुए ले गया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने लुत्फर रहमान को मृत घोषित कर दिया। उनकी बेटी का जलपाईगुड़ी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। आक्रोशित स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर प्रदर्शन किया और पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ भी की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से हालात काबू में आए। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *