सिलीगुड़ी, 8 जनवरी (नि.सं.)। कोयला घोटाले की जांच के सिलसिले में तृणमूल कांग्रेस के आईटी सेल प्रमुख तथा आई-पैक के कर्ताधर्ता प्रतीक जैन के घर और कार्यालय पर गुरुवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापेमारी की। इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक गलियारों में तीखी बहस और प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। घटना के विरोध में सिलीगुड़ी में तृणमूल कांग्रेस की ओर से विरोध प्रदर्शन और रैली निकाली गई। पार्टी ने पहले ही राज्यभर में विरोध मार्च का आह्वान किया है।
ईडी की इस कार्रवाई के खिलाफ दार्जिलिंग जिला तृणमूल कांग्रेस के आह्वान पर सिलीगुड़ी के हाशमीचक पर विरोध कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में जिला नेतृत्व के साथ-साथ विभिन्न ब्लॉक और संगठनात्मक इकाइयों के नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए। हाथों में प्लेकार्ड और बैनर लेकर सिलीगुड़ी के हाशमीचक से विरोध मार्च निकाला गया।
प्रदर्शन के दौरान तृणमूल नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा विरोधी आवाज़ों को दबाने के लिए ईडी और सीबीआई जैसी केंद्रीय जांच एजेंसियों का राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। उनका कहना है कि यह निष्पक्ष जांच नहीं, बल्कि योजनाबद्ध तरीके से विपक्षी नेताओं को परेशान करने की कोशिश है। नेताओं ने आरोप लगाया कि लोकतंत्र की आवाज़ को दबाने के लिए भाजपा सरकार लगातार प्रतिशोधात्मक कदम उठा रही है और प्रतीक जैन के घर पर ईडी की छापेमारी उसी का उदाहरण है। तृणमूल कांग्रेस ने साफ किया कि इस तरह की राजनीति के खिलाफ सड़क पर उतरकर विरोध जारी रहेगा और आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
