सिलीगुड़ी,6 मई(नि.सं.)। ट्रालियों में भरकर विदेशी शराब की तस्करी की जा रही थी। लेकिन गुप्त सूत्रों से मिली सूचना पर एनजेपी थाने की सादे पोशाक की पुलिस ने तस्करी से पहले ही भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद कर लिया। इस घटना में नेपाल के दो पूर्व सेना के जवान सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
बताया गया है गुप्त सूत्रों के आधार पर पुलिस ने तीनबत्ती मोड़ संलग्न इलाके में एक चार पहिया वाहन को जब्त कर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन के अंदर दो ट्रालियों से 225 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई। जिसके बाद मिन बहादुर थापा, साबधान सिंह थापा और श्याम मंडल को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मिन बहादुर थापा, साबधान सिंह थापा नेपाल के रहने वाले हैं। ये दोनों पूर्व जवान बताए जा रहे हैं। श्याम मंडल वाहन चालक है। अवैध विदेशी शराब असम से नेपाल ले जाई जा रही थी।वे लंबे समय से इस तरह की तस्करी से जुड़े हुए हैं। आज सभी को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
