फांसीदेवा, 18 जनवरी (हि.स)। फांसीदेवा में एक बेसरकारी बैंक के कोषाध्यक्ष की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम प्रताप सरकार और समीर देवनाथ हैं।
जानकारी के अनुसार, बीते शुक्रवार फांसीदेवा स्थित एक बेसरकारी बैंक के कोषाध्यक्ष प्रह्लाद बसाक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। बताया गया कि वह बाथरूम जाने की बात कहकर काफी देर तक वापस नहीं लौटे, जिससे अन्य बैंक कर्मचारियों को शक हुआ। बाद में कमरे के अंदर से प्रह्लाद बसाक का शव बरामद किया गया।
इस घटना के बाद बैंक प्रबंधन ने करीब 14 लाख रुपये की वित्तीय गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए फांसीदेवा थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बैंक मैनेजर प्रताप सरकार और एक अन्य कर्मचारी समीर देवनाथ को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आज सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया है। फांसीदेवा थाने की पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
