सिलीगुड़ी, 6 मार्च (नि.सं)। सिलीगुड़ी में छेड़छाड़ की दो अलग-अलग घटनाओं में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम अभिनाश पाठक और दिलीप साहा बताए गए है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सिलीगुड़ी के लिम्बु बस्ती इलाके में सिक्किम की रहने वाली एक युवती काम के सिलसिले में किराए के मकान में रहती है। युवती जब कुछ खाद्य सामग्री खरीदने के लिए एक स्थानीय दुकान पर गई, तब दुकान मालिक अभिनाश पाठक ने कथित तौर पर उसके साथ छेड़छाड़ की। घटना के बाद युवती ने भक्तिनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
दूसरी घटना भक्तिनगर थाना अंतर्गत आशीघर चौकी इलाके के आमतला से सामने आई है। आरोप है कि इलाके में कीर्तन कार्यक्रम के दौरान एक नाबालिग के साथ दिलीप साहा नामक एक व्यक्ति ने छेड़छाड़ किया। स्थानीय लोगों की नजर पड़ते ही आरोपी को पकड़ लिया गया। सूचना मिलने पर आशीघर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। बाद में लिखित शिकायत के आधार पर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों को शुक्रवार को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया है। मामले की जांच जारी है।
