सिलीगुड़ी में दो अलग-अलग चोरी की वारदातों का खुलासा, 2 गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद 

सिलीगुड़ी, 1 मार्च (नि.सं)।  सिलीगुड़ी में हुई दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं में भक्तिनगर थाने की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की एक बैटरी और एक महंगी साइकिल बरामद करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम पंकज कुमार शाह और सुदीप मालो है। दोनों भक्ति नगर थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे है।
जानकारी के अनुसार, 26 तारीख को इस्कॉन मंदिर रोड इलाके में स्थित एक साउंड सिस्टम की दुकान से एक बैटरी चोरी हो गई थी। घटना के बाद दुकान मालिक ने भक्तिनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर जांच शुरू करते हुए पुलिस ने पंकज कुमार शाह को गिरफ्तार किया। बाद में उसके घर से चोरी की गई बैटरी बरामद कर ली गई।
वहीं, 25 तारीख को बेदगड़ा इलाके से एक महंगी साइकिल चोरी होने की घटना सामने आई थी। इस मामले में भी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। जांच के दौरान पुलिस ने सुदीप मालो को गिरफ्तार कर लिया और डॉन बोस्को मोड़ इलाके से चोरी की साइकिल बरामद की। रविवार को दोनों आरोपियों को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया। पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *