नक्सलबाड़ी, 21 जनवरी(नि.सं.)। रात के अंधेरे में नदी से अवैध रूप से पत्थर निकालकर राजस्व चोरी के जरिए दूसरे राज्य में बोल्डर तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया गया है। भूमि एवं भूमि राजस्व विभाग की कार्रवाई में दो बोल्डर लदे डंपरों को जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात पानीघाटा थाना क्षेत्र के मांझा नदी से अवैध रूप से बोल्डर लादकर उन्हें दूसरे राज्य ले जाने की तैयारी थी। इसी दौरान पानीघाटा–नक्सलबाड़ी राज्य सड़क पर नक्सलबाड़ी भूमि एवं भूमि राजस्व विभाग ने अभियान चलाया। अभियान के दौरान दो बोल्डर लदे डंपरों को रोका गया, लेकिन चालक वैध कागजात दिखाने में असफल रहे। इसके बाद दोनों डंपरों को जब्त कर नक्सलबाड़ी थाने की पुलिस के हवाले कर दिया गया। भूमि एवं भूमि राजस्व अधिकारी दीपांजन मजूमदार ने बताया कि रात के अंधेरे में राजस्व चोरी कर बोल्डर तस्करी की सूचना मिली थी। चेंगा बस्ती इलाके में अभियान के दौरान बिना रॉयल्टी के दो डंपर पकड़े गए। डंपरों को जब्त करने के साथ-साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा।
