सिलीगुड़ी, 19 फरवरी (नि.सं)। जिस जगह रोजगार मिला। उसी जगह मौका मिलते ही हाथ सफाई कर दी। यह घटना प्रधान नगर थाना अंतर्गत इलाके में एक ऑनलाइन सामान डिलीवरी करने वाली संस्थान से सामने आई है। इस मामले में संस्थान के दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के नाम सुमीर चौधरी (22) और रोहित भगत (24) है। सुमीर चौधरी ढकनीकाटा और रोहित भगत तीन नंबर वार्ड का निवासी बताया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार यह दोनों नर्मदा बगान स्थित ऑनलाइन सामान डिलीवरी करने वाली संस्थान में कर्मचारियों के तौर पर काम करते थे। बताया गया है कि 18 फरवरी को प्रधान नगर थाने में उक्त संस्थान की तरफ से 8 लाख रूपये की नामी दामी कंपनी की मोबाइल फोन चोरी की घटना को लेकर शिकायत दर्ज करवाई गई। संस्था की तरफ से आरोप लगाया गया कि ग्राहकों ने जो फोन बुकिंग किया था। वह डिलीवरी के लिए आया था। लेकिन उसमें से कीमती 15 मोबाइल फोन चोरी हो गए। इस शिकायत के आधार पर प्रधान नगर थाने की पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने ऑनलाइन सामान डिलीवरी करने वाली संस्थान में काम करने वाले प्रत्येक कर्मचारी से पूछताछ की। इस दौरान पुलिस को काम करने वाले दो कर्मचारी सुमीर चौधरी और रोहित भगत के ऊपर संदेह हुआ। जिसके बाद पुलिस ने इन दोनों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की। जिसके बाद आरोपियों ने अपना जुर्म काबुल कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आज सिलीगुड़ी अदालत में पेश कर रिमांड की मांग की है। पुलिस संस्थान से चोरी हुए 15 मोबाइल फोन को बरामद करने की कोशिश में लगी हुई है। इस घटना में और भी कोई जुड़ा है या नहीं? पुलिस इसकी जांच कर रही है।
