राजगंज, 8 जनवरी (नि.सं.)। राजगंज के बंधुनगर इलाके में जमीन विवाद को लेकर हुई तनावपूर्ण घटना में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आज सुबह भोरेरे आलो थाने के ओसी सुदीप दत्ता के नेतृत्व में बंधुनगर इलाके में अभियान चलाकर दोनों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम रफीक हुसैन और सोनारुल हक है। दोनों ही सीतागुड़ी के निवासी बताए जा रहे है। मामले की जांच में उनकी संलिप्तता सामने आने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया है। आज दोनों आरोपियों को जलपाईगुड़ी जिला अदालत में पेश किया गया है।
गौरतलब है कि टाटा मोटर्स के कमर्शियल वाहन बिक्री एवं सर्विसिंग सेंटर “लक्ष्य ऑटोमोबाइल प्राइवेट लिमिटेड” से सटे जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर इलाके में भारी तनाव फैल गया था। आरोप है कि इस दौरान वाहनों में तोड़फोड़, शोरूम में ताला जड़ने और जान से मारने की धमकी जैसी घटनाएं सामने आई थी।
इस मामले में कल एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि आज दो और आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ कुल तीन लोगों को पुलिस हिरासत में लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
