बागडोगरा–सिलीगुड़ी एशियन हाईवे-2 पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, हाथी के दांत के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार

बागडोगरा, 21 दिसंबर(नि.सं)। हाथी के दांत की तस्करी के आरोप में कार्सियांग डिवीजन के घोषपुकुर रेंज के वन कर्मियों ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नेपाल निवासी गणेश बासफोर और सिलीगुड़ी निवासी कमल अग्रवाल के रूप में हुई है।
सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर बागडोगरा–सिलीगुड़ी एशियन हाईवे-2 के फ्लाईओवर पर नेपाल नंबर की एक चार पहिया गाड़ी को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान एक हाथी का दांत बरामद हुआ। दांत की लंबाई 35 सेंटीमीटर है और वजन 1 किलो 105 ग्राम बताया गया है। इसके बाद वाहन में सवार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों को आज सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया जाएगा।
इस संबंध में एडीएफओ राहुल देव मुखर्जी ने बताया कि उत्तर बंगाल के सिलीगुड़ी “चिकन नेक” इलाके से होकर वन्यजीवों के अंगों की अंतरराष्ट्रीय तस्करी का एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। सूचना मिलने पर घोषपुकुर रेंज के रेंजर के नेतृत्व में एक टीम गठित कर अभियान चलाया गया, जिसमें दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से हाथी का दांत बरामद हुआ। पूछताछ के आधार पर तस्करी नेटवर्क के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *