सिलीगुड़ी, 18 मार्च (नि.स.)। चुनाव से पहले बड़ी कार्रवाई करते हुए एनजेपी थाने की पुलिस ने दो युवकों को अवैध आग्नेयास्त्र के साथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई को चुनाव पूर्व सुरक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम राजीव दत्त और सनत बर्मन है, जो पश्चिम धनतला इलाके के निवासी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे छोभाभिटा इलाके में ये दोनों युवक आग्नेयास्त्र बेचने के इरादे से खड़े थे। गुप्त सूचना मिलने पर एनजेपी थाने की सादे कपड़ों में पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर दोनों भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान उनके पास से एक आग्नेयास्त्र और कारतूस बरामद किया गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सनत बर्मन के खिलाफ पहले से ही आग्नेयास्त्र से जुड़े कई मामले दर्ज है और उसे पहले भी गिरफ्तार किया जा चुका है। बुधवार को दोनों आरोपियों को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
