गाजोलडोबा में हाथी के हमले में दो युवकों की मौत, प्रशासन ने की बैठक  

गाजोलडोबा, 22 मई (नि.सं.)। गाजोलडोबा में हाथी के हमले में दो युवकों की मौत हो गई है। इस घटना के बाद प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण बैठक की है। बैठक में मुआवजा और सुरक्षा का आश्वासन दिया गया।
मालूम हो कि गाजोलडोबा के टाकीमारी में हाथी के हमले में दो युवकों की मौत के बाद गाजोलडोबा पुलिस चौकी में प्रशासनिक बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में बैकुंठपुर वन विभाग के डीएफओ एम राजा, राजगंज विधायक खगेश्वर राय, भोरेर आलो पुलिस थाना ओसी संदीप दत्त, राजगंज पंचायत समिति अध्यक्ष रूपाली दे सरकार, एडीएफओ राजीव लामा, अरिंदम बनर्जी, विभिन्न रेंज के रेंजर, ग्रामीण और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।इस संबंध में बैकुंठपुर डिवीजन के डीएफओ एम राजा ने बताया कि मृतक के परिजनों को सरकार द्वारा निर्धारित पांच लाख रुपये मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी। साथ ही ग्रामीणों की मांग पर क्षेत्र में अतिरिक्त बाड़ लगाने का निर्णय लिया गया है। स्थानीय निवासियों के साथ क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) के गठन पर भी चर्चा की गई और वन विभाग ने इसके शीघ्र कार्यान्वयन का आश्वासन दिया है। वहीं, राजगंज विधायक खगेश्वर राय ने कहा कि हाथी के हमले में दो युवकों की मौत बेहद दुखद है। बैठक में वन विभाग के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई ताकि परिवारों को सरकारी सहायता शीघ्र मिल सके। इसके अलावा भालोबाशा मोड़ से टाकीमारी तक सड़क के जीर्णोद्धार के लिए एनओसी मांगी गयी है। यह सड़क जंगल से होकर गुजरती है, इसलिए एनओसी मांगी गई है। उन्होंने कहा कि वन विभाग ने एनओसी शीघ्र उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *