खोरीबाड़ी, 28 अप्रैल (नि.सं.)। आज बंगाल में भाजपा ने 12 घंटे के बंद का आह्वान किया है। इसकी घोषणा रायगंज से भाजपा सांसद देबश्री ने गुरुवार को ही कर दी थी। दरअसल कालियागंज में लगातार हो रही हत्याओं के कारण उत्तर बंगाल में बंद का आह्वान किया गया है।
इसी बीच भाजपा द्वारा बुलाई गई 12 घंटे के उत्तर बंगाल बंद को लेकर तृणमूल-भाजपा के बीच में विवाद को लेकर खोरीबाड़ी के पानीटंकी में तनाव देखा गया। बताया गया है कि आज तृणमूल के एक कार्यकर्ता की दुकान बंद करने पर तनाव फैल गया। देखते ही देखते विवाद हाथापाई में बदल गया। दूसरी ओर, सूचना मिलने के बाद खोरीबाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों को हटाकर मामला शांत कराया गया।
