जाबराभिटा अंडरपास की हालत बदहाल, बढ़ रहा लोगों का गुस्सा

सिलीगुड़ी,13 मार्च (नि.सं)। डाबग्राम–फुलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र के आईओसी संलग्न जाबराभिटा अंडरपास की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में लगातार आक्रोश बढ़ रहा है। आरोप है कि इस अंडरपास के रखरखाव की जिम्मेदारी भारतीय रेलवे और सिलीगुड़ी जलपाईगुड़ी डेवलपमेंट अथॉरिटी (एसजेडीए) की है, लेकिन लंबे समय से संबंधित विभागों का इस महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग की ओर कोई ध्यान नहीं है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि हल्की बारिश होते ही अंडरपास में पानी भर जाता है। इसके कारण लोगों को रोजाना अपनी जान जोखिम में डालकर इस रास्ते से गुजरना पड़ता है। गुरुवार को कुछ घंटों की बारिश के बाद अंडरपास में पानी भर जाने से हालात और भी खराब हो गए। शुक्रवार सुबह से ही इस अंडरपास से आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई। यह अंडरपास न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन आने-जाने वाले कई पर्यटकों और रोजाना यात्रा करने वाले लोगों के लिए अहम रास्ता है। ऐसे में अंडरपास की खराब हालत के कारण आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


स्थानीय लोगों का आरोप है कि डाबग्राम–फुलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र की भाजपा विधायक शिखा चटर्जी को इस समस्या की जानकारी होने के बावजूद अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *