सिलीगुड़ी, 14 मार्च (नि.सं.)। ट्रेन के जरिए ब्राउन शुगर की तस्करी की योजना को नाकाम करते हुए जीआरपी ने एक युवती को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवती का नाम तस्लीमा खातून (28) बताया गया है, जो असम के मोरीगांव जिले की रहने वाली है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह गुप्त सूचना के आधार पर एनजेपी रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और एसओजी की टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 5 पर खड़ी एक ट्रेन में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान एक संदिग्ध युवती को हिरासत में लिया गया।
बाद में उसकी तलाशी लेने पर उसके पास से 48 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। बरामद मादक पदार्थ की मूल्य लाखों रुपये बताई जा रही है। प्राथमिक जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि यह मादक पदार्थ असम से केरल तस्करी के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। गिरफ्तार युवती को आज जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया है। पूरे मामले की जांच जीआरपी कर रही है।
