सिलीगुड़ी, 3 अप्रैल (नि.सं.)। माटीगाड़ा थाना क्षेत्र में चुनावी माहौल के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। माटीगाड़ा थाने की सफेद पोशाक में तैनात पुलिस टीम ने देर रात एक संदिग्ध युवक को आग्नेयास्त्र के साथ गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान के दौरान सड़क पर घूम रहे युवक की तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से एक आग्नेयास्त्र और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। मौके पर ही उसे हिरासत में ले लिया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान भवेश राय (22) के रूप में हुई है, जो माटीगाड़ा इलाके का निवासी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी संदिग्ध गतिविधियों में शामिल था, लेकिन किसी घटना को अंजाम देने से पहले ही उसे पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित मामले में मामला दर्ज कर उसे सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया है। साथ ही आग्नेयास्त्र सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने के लिए रिमांड की मांग की गई है। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपी किसी आपराधिक साजिश में शामिल था या अवैध हथियारों के कारोबार से जुड़ा हुआ है।
