राजगंज, 15 फरवरी(नि.सं)। राजगंज विधानसभा क्षेत्र में आज से युवा साथी परियोजना के आवेदन पत्र वितरण और जमा लेने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य के सभी 294 विधानसभा केंद्रों की तर्ज पर राजगंज में भी विशेष शिविर का आयोजन किया गया है।
यह शिविर राजगंज बीडीओ कार्यालय के पास फायर बिग्रेड ग्राउंड में आयोजित किया गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में युवक-युवतियां लाइन में खड़े होकर फॉर्म संग्रह और जमा करते नजर आए। यह खास शिविर राजगंज विधानसभा के आठ अंचलों के युवक-युवतियां के लिए लगाया गया है। शिविर परिसर में भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है।शिविर का निरीक्षण करने राजगंज के विधायक खगेश्वर राय, पंचायत समिति अध्यक्ष रुपाली दे सरकार और बीडीओ सौरभ कांति मंडल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवेदकों से बातचीत भी की।प्रशासन के सूत्रों के मुताबिक, यह कैंप 15 फरवरी से 26 फरवरी तक चलेगा। राजगंज विधानसभा की हर ग्राम पंचायत के लिए अलग-अलग तारीखें तय की गई हैं। 15 फरवरी – कुकुरजान ग्राम पंचायत, 16 फरवरी – सुखानी ग्राम पंचायत, 17 फरवरी – संन्यासिकटा, 18 फरवरी – बिन्नागुड़ी, 19 फरवरी – शिकारपुर, 20 फरवरी – पानीकौरी, 23 फरवरी – मंतादारी, 24 फरवरी – मझियाली ग्राम पंचायत के लिए आवेदक आवेदन कर सकते है। प्रशासन ने आवेदकों से आग्रह किया है कि वे तय दिन कैंप में जरूरी डॉक्यूमेंट्स के साथ मौजूद रहें।
