नक्सलबाड़ी,1 मार्च (नि.सं)। रमजान महीने के बीच नक्सलबाड़ी में मुस्लिम समुदाय के लोगों के बीच चिंता का माहौल है। नई मतदाता सूची प्रकाशित होते ही तोताराम और कलूवाजोत इलाके के लोगों में बेचैनी बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, इन दोनों क्षेत्रों के 4 बूथों पर करीब 1200 मतदाताओं को विचाराधीन श्रेणी में रखा गया है। आरोप है कि जिन लोगों के नाम वर्ष 2002 की मतदाता सूची में थे, उन्हें भी इस बार विचाराधीन सूची में डाल दिया गया है। इससे प्रभावित परिवारों में भविष्य में मतदाता सूची में नाम रहने को लेकर असमंजस और डर बना हुआ है।
नक्सलबाड़ी ग्राम पंचायत के पूर्व उपप्रधान और पंचायत समिति के पूर्व सहायक सभापति मोहम्मद इस्लाम के परिवार का नाम भी विचाराधीन सूची में शामिल है। इसी तरह मोहम्मद जाकिर हुसैन के परिवार की स्थिति भी समान बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सत्यापन और सुनवाई की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद उन्हें विचाराधीन श्रेणी में रखा गया है। ऐसे में आगामी चुनाव में मतदान अधिकार को लेकर समुदाय के बीच चिंता गहराती जा रही है।
