सिलीगुड़ी, 27 फरवरी (नि.सं)। सिलीगुड़ी नगर निगम के कचरा निष्कासन विभाग की पहल पर नि:शुल्क सामाजिक सुरक्षा योजना कैंप का शुभारंभ किया गया। राज्य सरकार के अंतर्गत शुरू की गई इस योजना का उद्देश्य सिलीगुड़ी के निर्मल बंधू और सफाई कर्मियों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है।
शहर के रवींद्र मंच में आयोजित इस कैंप में सभी निर्मल बंधू एवं सफाई कर्मचारियों के बीच आवेदन पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर मेयर परिषद सदस्य मानिक दे उपस्थित रहे।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की इस योजना को सफल बनाने के लिए नगर निगम की ओर से कर्मचारियों को हर संभव सहयोग दिया जा रहा है, ताकि वे आसानी से फॉर्म भरकर योजना का लाभ उठा सकें।
इस सामाजिक सुरक्षा योजना कैंप के तहत, रजिस्टर्ड कर्मचारियों को हर महीने उनके बैंक अकाउंट में 55 रुपये की आर्थिक मदद मिलेगी। इसके अलावा, काम करते समय किसी कर्मचारी की असमय मौत होने पर उसके परिवार को 2 लाख रुपये तक की आर्थिक मदद दी जाएगी।
योजना के मुताबिक, 18 से 60 साल की उम्र के कर्मचारी इसके लिए अप्लाई कर सकते है। 60 साल पार करने के बाद उन्हें हर महीने पेंशन का फायदा मिलेगा।
निर्मल बंधु और सफाई कर्मचारियों ने इस पहल की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि इस योजना ने लंबे समय से चली आ रही जरूरत को पूरा किया है और भविष्य में यह उनके और उनके परिवारों के लिए बहुत मददगार होगा।
