पुलिस सूत्रों के अनुसार शनिवार को गुप्त सूचना के आधार पर सिलीगुड़ी जीआरपी के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और एनजेपी जीआरपी की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। इसी दौरान असम से आने वाली डाउन विवेक एक्सप्रेस के एनजेपी स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर छह पर पहुंचने के बाद पुलिस अधिकारियों ने ट्रेन के बी-5 एसी कोच में एक संदिग्ध महिला से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसके बयान में असंगति मिलने पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
इसके बाद महिला के पास मौजूद स्कूल बैग की तलाशी ली गई.तलाशी के दौरान छह साबुन के डिब्बों में छिपाकर रखा गया करीब 100 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। जीआरपी आरोपी महिला को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश कर रिमांड की मांग करेंगी।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार बरामद ब्राउन शुगर को असम से दक्षिण भारत ले जाया जा रहा था। जीआरपी पूरे मामले की जांच कर रही है।





