सिलीगुड़ी, 25 अक्टूबर (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के आशीघर मोड़ के पास निरंजन नगर इलाके में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से एक चारपहिया वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गया, जबकि एक अन्य गाड़ी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। आग की लपटों से एक बहुमंजिला इमारत के बाहरी हिस्से को भी नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, देर रात अचानक एक खड़ी गाड़ी में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें पास में खड़ी दूसरी गाड़ी तक पहुंच गई। वाहनों से तेज आवाज सुनकर घर के लोग और आसपास के निवासी जाग गए। इसके बाद दमकल विभाग और आशीघर पुलिस चौकी को सूचना दी गई। मौके पर दमकल की दो गाड़ियां पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक एक गाड़ी पूरी तरह जल चुकी थी और दूसरी गाड़ी को भी भारी नुकसान पहुंचा था।
मकान मालिक के अनुसार, पूरी तरह जली गाड़ी उनके किरायेदार की थी, जिसे महज छह महीने पहले खरीदा गया था। दूसरी गाड़ी उनकी अपनी थी। उन्होंने आशंका जताई है कि किसी ने जानबूझकर आग लगाई हो सकती है। साथ ही, उन्होंने दमकल की गाड़ियों के घटनास्थल पर पहुंचने में करीब डेढ़ घंटे की देरी होने का भी आरोप लगाया है। मकान मालिक ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।





