राजगंज, 11 फरवरी (नि.सं.)। माध्यमिक परीक्षा देने जा रही एक छात्रा सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। सिर और गर्दन में गंभीर चोट लगने के कारण वह अपनी जीवन विज्ञान की परीक्षा पूरी नहीं कर सकी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
बुधवार को माध्यमिक की जीवन विज्ञान की परीक्षा थी। जानकारी के अनुसार, फूलबाड़ी के कालांगिनी इलाके की रहने वाली सबाना खातून सुबह परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी। वह फूलबाड़ी उच्च विद्यालय की छात्रा है और उसका परीक्षा केंद्र बंधुनगर डीएन उच्च विद्यालय में था।
बताया गया है कि फूलबाड़ी–आमायदिघी इलाके में एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर गई और उसके सिर, गर्दन व पीठ में गंभीर चोटें आई। स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत फूलबाड़ी के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसके सिर में कई टांके लगाए गए। बाद में परीक्षा में शामिल होने के लिए उसे राजगंज ग्रामीण अस्पताल लाया गया। उसने कुछ समय तक परीक्षा भी दी, लेकिन अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे उल्टियां होने लगी। हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जलपाईगुड़ी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए सिलीगुड़ी के एक निजी अस्पताल ले गए।
