नक्सलबाड़ी में भीषण आग से प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता

नक्सलबाड़ी, 11 फरवरी (नि.सं.)। नक्सलबाड़ी के मणिराम ग्राम पंचायत अंतर्गत ढाकना कॉलोनी में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में एक घर पूरी तरह जलकर राख हो गया, जबकि एक अन्य घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ। घटना के तीन दिनों के भीतर ही सिलीगुड़ी महकमा परिषद की ओर से दोनों प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
गत शनिवार को हुई इस अग्निकांड के बाद सिलीगुड़ी महकमा परिषद के सभाधिपति अरुण घोष ने मौके का निरीक्षण कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की थी और सहायता का आश्वासन दिया था। अपने वादे के अनुसार, तीन दिन के भीतर ही उन्होंने मणिराम ग्राम पंचायत के प्रधान के साथ पहुंचकर प्रभावित परिवारों को चेक सौंपे।
पूरी तरह क्षतिग्रस्त घर के परिवार को 35 हजार रुपये तथा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त परिवार को 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।
इस अवसर पर सभाधिपति अरुण घोष ने कहा कि तृणमूल सरकार अपने वादे निभाती है, भाजपा की तरह केवल आश्वासन नहीं देती है। उन्होंने कहा कि जो वादा किया गया था, उसे पूरा करते हुए आज आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *