सिलीगुड़ी, 22 जुलाई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक ही रात में डकैती की दो अलग-अलग साजिशों का पर्दाफाश किया है। भक्तिनगर थाना और आशीघर चौकी की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर कुल 11 बदमाशों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, 21 जुलाई की देर रात गुप्त सूचना मिली थी कि लोअर भानूनगर और तेलीपाड़ा इलाके में कुछ असामाजिक तत्व डकैती की योजना बना रहे है। सूचना मिलते ही पुलिस की दो टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी शुरू की।
पहली कार्रवाई में पी.सी. मित्तल बस टर्मिनस इलाके से मंजीत राय (45), अनिल राय (19), समीर बर्मन (23), रोनी दास (22) और पापाई राय (25) को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से लोहे का कटर, हथौड़ा, हैक्सॉ ब्लेड, पेचकस और प्लायर जैसे उपकरण बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लोअर भानूनगर के एक घर में डकैती की तैयारी कर रहे थे, लेकिन पुलिस की भनक लगते ही उनके कुछ साथी फरार हो गए।
वहीं दूसरी कार्रवाई में आशीघर चौकी पुलिस ने थारुघाटी जंगल मैदान में छापेमारी कर बिक्रम चंद्र राय (38), बिजय सरकार उर्फ मंगल (23), अभिषेक अधिकारी (24), शिबा दास (26), आनंद दास (24) और सोमनाथ मोइत्रा (24) को गिरफ्तार किया। इनके पास से लोहे की रॉड, बड़ा चाकू, टॉर्च समेत अन्य हथियार बरामद किए गए। पूछताछ में इन आरोपियों ने भी तेलीपाड़ा के एक मकान में डकैती की साजिश रचने की बात कबूल की। सभी 11 आरोपियों को आज जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
