सिलीगुड़ी, 22 जुलाई (नि.सं.)। पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एकटियाशाल तिलेश्वरी अधिकारी हाई स्कूल में आयोजित ‘अरण्य सप्ताह’ का समापन एक अभिनव पहल के साथ किया गया।
‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम के तहत प्रत्येक छात्र-छात्रा को एक-एक पौधा लगाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके तहत सभी विद्यार्थियों ने पौधारोपण किया। साथ ही लगाए गए पौधों को केंद्र में रखकर स्कूल के कॉरिडोर में एक प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
अरण्य सप्ताह के समापन दिवस पर स्कूल में ‘अलिंद कानन’ का उद्घाटन किया गया। इसके अलावा स्कूल परिसर से एक जागरूकता रैली निकाली गई, जो आसपास के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए पुनः स्कूल में आकर समाप्त हुई।
स्कूल प्रशासन के अनुसार, अरण्य सप्ताह के अवसर पर सात दिनों तक छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न कार्यक्रम और चर्चा सत्र आयोजित किए गए थे। इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
इस कार्यक्रम के माध्यम से केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों की सही देखभाल और संरक्षण के महत्व को भी छात्रों के बीच प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
