सिलीगुड़ी, 23 जुलाई (नि.सं.)। करोड़ों रुपये के बकाया आयकर की वसूली को लेकर आयकर विभाग ने सिलीगुड़ी में बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने शहर के जाने-माने व्यवसायी गोपाल अग्रवाल की संपत्तियों को अटैच करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, गोपाल अग्रवाल पर विभिन्न वित्तीय वर्षों (2016-17, 2020-21 और 2022-23) का लगभग ढाई करोड़ रुपये का आयकर बकाया है। जुर्माना और ब्याज जोड़ने के बाद यह राशि और बढ़ गई है।
आयकर विभाग ने पहले कई बार नोटिस जारी कर बकाया राशि जमा करने को कहा था, लेकिन भुगतान नहीं होने पर कर वसूली शाखा ने सख्त कदम उठाया। कार्रवाई के तहत प्रणामी मंदिर रोड स्थित नंदन अपार्टमेंट के 1D फ्लैट को अटैच कर नोटिस लगा दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, सेवक रोड स्थित उत्तर बंग मारवाड़ी भवन के पास मौजूद कार्यालय को भी अटैच करने की तैयारी की जा रही है। विभाग ने एक महीने के भीतर बकाया कर जमा करने का अंतिम मौका दिया है।
यदि तय समय सीमा के भीतर भुगतान नहीं किया गया, तो अटैच की गई संपत्तियों की नीलामी प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इस कार्रवाई को सिलीगुड़ी में लंबित कर वसूली मामलों पर सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
