सिलीगुड़ी, 22 जुलाई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के वार्ड नंबर 47 के न्यू कॉलोनी इलाके में एक पुलिसकर्मी की रहस्यमयी मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान कृष्ण मोहन झा के रूप में हुई है, जो इस्लामपुर में कार्यरत थे।
परिवार के अनुसार, मंगलवार देर रात उनका बेटा बाथरूम जाने के लिए उठा, जहां उसने अपने पिता को फर्श पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद परिवार और पड़ोसियों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया। जिसके बाद घटना की सूचना प्रधाननगर थाने को दी गई। पुलिस की ओर से भेजी गई एंबुलेंस से उन्हें तुरंत सिलीगुड़ी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी ने कहा है कि यह सामान्य मौत नहीं है, बल्कि उनके पति की साजिश के तहत हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि रात करीब 11 बजे उनके पति स्कूटी लेकर घर से निकले थे और उनके पास घर की चाबी भी थी। लेकिन बाद में जब उन्हें घर के बाथरूम में अचेत अवस्था में पाया गया तब उनकी स्कूटी गायब थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत के असली कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
