सिलीगुड़ी, 22 जुलाई (नि.सं.)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। माटीगाड़ा थाना की सादे कपड़ों में तैनात पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक युवक को भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने निश्चिंतपुर चाय बागान स्थित गुलमोहर अपार्टमेंट के पास छापेमारी कर आरोपी को पकड़ा। गिरफ्तार युवक की पहचान पलाश धाली (25) के रूप में हुई है, जो माटीगाड़ा थाना क्षेत्र के सिमुलतला का निवासी है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से बड़ी संख्या में प्रतिबंधित कफ सिरप (फेंसिडिल) की बोतलें बरामद की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आज सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
