सिलीगुड़ी, 22 जुलाई (नि.सं.)। आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के भक्ति नगर ट्रैफिक गार्ड ने बुधवार को सेवक रोड स्थित विशाल मोड़ पर विशेष ट्रैफिक जागरूकता अभियान चलाया।
इस अभियान का नेतृत्व भक्ति नगर ट्रैफिक गार्ड के ओसी अमर्त्य चक्रवर्ती ने किया। कार्यक्रम में डीसीपी (ट्रैफिक) काजी शमसुद्दीन अहमद, एसीपी (ट्रैफिक) सुबीर दत्ता, भक्ति नगर थाना के आईसी महेश्वर माझी समेत ट्रैफिक विभाग के अधिकारी, पुलिसकर्मी और सिविक वालंटियर मौजूद रहे।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट बाइक चला रहे चालकों को रोककर उन्हें निःशुल्क नए हेलमेट वितरित किए गए। अधिकारियों ने लोगों को समझाया कि हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटना के समय जीवन बचाने का सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा उपाय है।
इसके साथ ही वाहन चालकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई।
इसके अलावे कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मियों और सिविक वालंटियर को भी बारिश और तेज धूप में काम करने को ध्यान में रखते हुए रेनकोट, छाते, ओआरएस और फलों का जूस वितरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा और जनजागरूकता को लेकर इस तरह के अभियान आगे भी शहर के विभिन्न हिस्सों में जारी रहेंगे।
