सिलीगुड़ी, 22 जुलाई (नि.सं.)। नामी-गिरामी ब्रांडों के लोगो का दुरुपयोग कर नकली सामान बेचने के खिलाफ एनफोर्समेंट ब्रांच और सिलीगुड़ी के पानीटंकी फाड़ी पुलिस ने बुधवार को संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान शहर के चर्च रोड इलाके में स्थित दो जूते की दुकानों में छापेमारी की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, इन दुकानों में बड़े-बड़े ब्रांड के जूतों के नाम और लोगो का अवैध रूप से इस्तेमाल कर नकली जूते बेचे जा रहे थे। अभियान के दौरान पुलिस ने 300 से अधिक जोड़ी जूते जब्त किए।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कई प्रसिद्ध कंपनियों के ट्रेडमार्क और लोगो का गैरकानूनी तरीके से उपयोग कर इन जूतों को बाजार में बेचा जा रहा था।
छापेमारी के बाद संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि ब्रांड के नाम पर नकली उत्पाद बेचने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
साथ ही, इस तरह के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए शहर के विभिन्न इलाकों में लगातार अभियान चलाने की बात भी प्रशासन की ओर से कही गई है।
